भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने कार्टोसेट-3 उपग्रह के सफल प्रक्षेपण पर इसरो और देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि पीएसएलवी-47 की इस सफल उड़ान से एक और उपलब्धि इसरो के नाम दर्ज हो गई है।
प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि इसरो के वैज्ञानिकों ने एक बार फिर पीएसएलवी रॉकेट का सफल प्रयोग किया है और उसके माध्यम से कार्टोसेट-3 उपग्रह तथा अमेरिका के एक दर्जन से अधिक नैनो उपग्रहों को उनकी कक्षा में स्थापित कर यह बता दिया है, कि इसरो की धमक ओर शक्ति बढ़ी है। उन्होंने कहा कि हमारे वैज्ञानिकों ने दिन रात मेहनत कर सफल प्रक्षेपण करके देश का मान बढ़ाया है। सिंह ने कहा कि कार्टोसेट-3 उपग्रह की मदद से देश की सुरक्षा को मजबूत करने तथा आतंकी घुसपैठ जैसी घटनाओं पर नजर रखने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस सफलता के लिए इसरो और अंतरिक्ष वैज्ञानिकों का पूरा दल बधाई का पात्र है, जिन्होंने हर भारतवासी को गर्व करने का यह अवसर प्रदान किया है।